जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा आयोजित जनता दरबार में आज शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, भू-राजस्व, दाखिल-खारिज, पेंशन और अन्य मुद्दों पर दर्ज शिकायतों को उपायुक्त ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए निर्देशित किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शिक्षा के क्षेत्र में बनी उम्मीद की किरण
जनता दरबार में दो परिवारों ने अपने बच्चों के शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत स्कूल में नामांकन होने पर राज्य सरकार और उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित हुआ। उपायुक्त ने कहा कि यह ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का सच्चा उदाहरण है। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
दिव्यांग बच्ची की शिकायत का त्वरित समाधान
एक 15 वर्षीय दिव्यांग बच्ची की मां ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन न मिलने की शिकायत दर्ज की। उपायुक्त ने तुरंत सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को जांच के निर्देश दिए। जांच में पाया गया कि बच्ची को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। उपायुक्त ने परिवार को पेंशन की स्थिति से अवगत कराने और भविष्य में किसी भी कठिनाई से बचाने के लिए निर्देश जारी किए।
भू-राजस्व मामलों में पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई
भू-राजस्व से संबंधित शिकायतों जैसे अवैध कब्जा, दाखिल-खारिज में देरी, रजिस्टर-2 में त्रुटियां, सीमांकन और रसीद अद्यतन न होने की समस्याओं पर उपायुक्त ने गहन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने अंचल अधिकारियों को फोन पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा और स्पष्ट किया कि भूमि संबंधी मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अवैध कब्जे की शिकायतों पर भौतिक सत्यापन और लंबित दाखिल-खारिज के समयबद्ध निष्पादन का आदेश दिया। साथ ही, दस्तावेजी त्रुटियों को ठीक कर डिजिटल रिकॉर्ड को अद्यतन करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार: प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु
हर सप्ताह आयोजित होने वाला जनता दरबार आम लोगों को प्रशासन से सीधे संवाद का अवसर दे रहा है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक निष्पादन योग्य समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। जनता दरबार में बढ़ता जनविश्वास इसकी सफलता का प्रमाण है।
जिला प्रशासन की यह पहल न केवल समस्याओं के समाधान में सहायक है, बल्कि आम जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को और मजबूत कर रही है।

















