बिहार चुनाव का असर झारखंड में: गोड्डा में 11 नवंबर तक शराब दुकानें बंद, सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट
गोड्डा : बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर झारखंड के गोड्डा जिले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 11 नवंबर तक सभी शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव के दौरान शराब की अवैध तस्करी को रोकने के लिए लिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस अवधि में जिले में किसी भी प्रकार की विदेशी या देसी शर्षाब की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि बिहार सीमा से सटे इलाकों में शराब की अवैध आवाजाही को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी टीमों को तैनात किया गया है और गश्ती दलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन का मानना है कि चुनावी माहौल में ऐसी सतर्कता आवश्यक है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।
गोड्डा जिला, जो बिहार की सीमा से लगा हुआ है, अक्सर चुनावी मौकों पर अवैध गतिविधियों का केंद्र बन जाता है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने को कहा है।


















