झारखंड में स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया रक्तदान
रांची : झारखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में स्वयं रक्तदान कर स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ किया। इस महाअभियान के तहत पूरे राज्य में 12 नवंबर से 28 नवंबर तक बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और रक्तदान करने की अपील की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने कहा, “अस्पतालों में रक्त की कमी से किसी की सांसें थमनी नहीं चाहिए। यह हम सभी का परम दायित्व है कि झारखंड को जीवनदायिनी राज्य बनाएं।” अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य में रक्त की कमी को दूर करना और हर जरूरतमंद तक सुरक्षित रक्त पहुंचाना है।
राज्य भर में चलेगा जीवनदान का केंद्र
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे इस महाअभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर विशेष रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की 25वीं वर्षगांठ नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का अवसर है और पूरा राज्य जीवनदान का केंद्र बनेगा।
शुभारंभ अवसर पर मौजूद रहे मंत्री और अधिकारी
रक्तदान महाअभियान के शुभारंभ मौके पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, मंत्री सुदिव्य कुमार, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
यह अभियान राज्यवासियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने और रक्त बैंक को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

















