झारखंड स्थापना दिवस के राज्यस्तरीय समारोह की तैयारियां पूरी, मोरहाबादी मैदान में 15-16 नवंबर को होगा भव्य आयोजन
रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) को लेकर रांची प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर 15 और 16 नवंबर को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर समारोह की विस्तृत जानकारी दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर को, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद
उपायुक्त ने बताया कि 15 नवंबर को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल मुख्य अतिथि होंगे तथा मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित होगा। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से मोरहाबादी मैदान में शुरू होगा। बड़ी संख्या में राज्यवासी इसमें शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 1 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएं ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
नवंबर को निकलेगी ऐतिहासिक झारखंड जतरा, 4000 कलाकार होंगे शामिल
रजत जयंती समारोह का प्रमुख आकर्षण “झारखंड जतरा” होगी, जो 16 नवंबर को सुबह 10 बजे से निकाली जाएगी। यह जतरा जैप-1, डोरंडा से शुरू होकर राजेन्द्र चौक, कडरू मोड़, सुजाता चौक, मेन रोड, सर्जना चौक, शहीद चौक और कचहरी चौक से होते हुए बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान तक जाएगी। इसमें राज्यभर के 4000 से अधिक लोक कलाकार, 10 झांकियां और पारंपरिक नृत्य दल हिस्सा लेंगे।
ड्रोन शो और बॉलीवुड सिंगर का लाइव परफॉर्मेंस
उपायुक्त ने बताया कि 16 नवंबर की शाम 4 से 8 बजे तक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें झारखंडी लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत के साथ-साथ झारखंड से जुड़ी प्रसिद्ध गायिका का लाइव परफॉर्मेंस होगा। पहली बार राजधानी में ड्रोन शो भी आयोजित किया जा रहा है, जो समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा।
प्रदर्शनी और वॉल पेंटिंग से झलकेगी झारखंड की विरासत
मोरहाबादी मैदान में 15-16 नवंबर तक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन को समर्पित थीम शामिल होगी। इस प्रदर्शनी में झारखंड की संस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, 14 नवंबर को शहर के प्रमुख स्थलों पर वॉल पेंटिंग बनाई जाएगी, जिसमें पेशेवर कलाकार झारखंड के लोकजीवन और पहचान को उकेरेंगे।
सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि समारोह के दौरान भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाई गई है। शहर में आठ स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। वाहनों की अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था होगी, और नगर निगम द्वारा पेयजल व मोबाइल टॉयलेट की भी व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शकों को कोई असुविधा न हो।
“यह हम सब झारखंडवासियों का उत्सव है” : उपायुक्त
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा, “राज्य की 25वीं वर्षगांठ हम सब झारखंडवासियों के लिए गौरव का क्षण है। यह हमारा उत्सव है हर नागरिक गर्व और उल्लास के साथ इस समारोह में शामिल हो।”

















