राजमहल में बुजुर्ग पहाड़िया की गला रेतकर हत्या: पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, हत्या में इस्तेमाल आरी बरामद
प्रीतम पांडे
राजमहल (साहिबगंज) : राजमहल थाना क्षेत्र के मंडई गांव में बीते दिनों एक बुजुर्ग पहाड़िया व्यक्ति की निर्मम तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राजमहल के एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने बेगमपुरा मंडई गांव से इरफान शेख नामक युवक को हिरासत में लिया। सख्त पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई आरी को भी बरामद कर लिया गया है।
आरोपी इरफान शेख को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच जारी रखते हुए अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है।


















