सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन सृजन अभियान में शामिल, राहुल गांधी ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन सृजन अभियान में शामिल, राहुल गांधी ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह 

नई दिल्ली/सिमडेगा : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस अध्यक्षों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम नई दिल्ली में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में झारखंड से मजबूत प्रतिनिधित्व दर्ज करते हुए सिमडेगा विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूषण बाड़ा ने सक्रिय भागीदारी की।

कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुल 8 राज्यों के 286 जिला अध्यक्षों ने हिस्सा लिया, जिसमें झारखंड के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो।सहित कई प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी भी शामिल थे।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में जिला अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “संगठन मजबूत करना, जनता तक कांग्रेस का संदेश पहुंचाना और अनुशासन बनाए रखना सभी जिला अध्यक्षों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि जो जिला अध्यक्ष अपने संगठनात्मक दायित्वों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा, उसे प्रमोशन मिलेगा, जबकि कम प्रदर्शन करने वालों को रास्ता देना होगा।

राहुल गांधी ने विशेष रूप से बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा, “संगठन की असली ताकत बूथ पर बनती है, जिलों के दफ्तरों में नहीं। बूथों का दौरा कर जनता से सीधा संवाद करना होगा।” पार्टी में अनुशासन, टीमवर्क और पारदर्शिता को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने युवाओं, महिलाओं, एससी-एसटी और अल्पसंख्यक समुदायों को अधिक जिम्मेदारी देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य नेताओं ने भी संगठन को नई सोच और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। झारखंड कांग्रेस कमेटी ने इस राष्ट्रीय स्तर के प्रयास में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई, जो पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

भूषण बाड़ा ने कार्यक्रम के बाद कहा कि यह अभियान कांग्रेस को नई दिशा देगा और सिमडेगा जिले में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में मदद करेगा।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow