रांची रेलवे स्टेशन पर तीन नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बचाया गया

रांची : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और “नन्हे फरिश्ते” टीम की सतर्कता से तीन नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बचाया गया। यह कार्रवाई 30 अप्रैल 2026 को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर नियमित जांच के दौरान की गई।
आरपीएफ पोस्ट रांची और “नन्हे फरिश्ते” टीम ने जीआरपी पोस्ट के पास तीन नाबालिग बालिकाओं को संदिग्ध स्थिति में बैठे देखा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम पूनम कुमारी (16 वर्ष), रेशमा पात्रो (17 वर्ष) और इच्छा बंछोड़ (14 वर्ष) बताया। तीनों बच्चियों ने स्वीकार किया कि वे बिना अपने अभिभावकों को जानकारी दिए रांची पहुंची हैं और अपने आने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सकीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ और टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चियों को सुरक्षित रूप से चाइल्डलाइन, रांची को सौंप दिया, ताकि उनकी देखभाल और आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
इस सराहनीय कार्य में एएसआई योगेंद्र कुमार, महिला स्टाफ सरस्वती, सुचिता टोप्पो (नन्हे फरिश्ते टीम) और उर्मिला देवी (नन्हे फरिश्ते टीम) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















