Pre SIR कार्य में लापरवाही पर सख्त रुख, खराब प्रदर्शन वाले BLO पर होगी कार्रवाई : डीसी मंजूनाथ भजन्त्री

रांची : जिले में चल रहे Pre SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सख्त रुख अपनाया है। समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि खराब प्रदर्शन करने वाले BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संबंधित निर्वाची निबंधक पदाधिकारियों को ऐसे BLO को नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देशित किया कि जो शिक्षक BLO के रूप में कार्यरत हैं और संबंधित निर्वाची निबंधक पदाधिकारी को रिपोर्ट नहीं कर रहे हैं, उनका शहर से स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य कारण बताकर कार्य से बचने वालों पर भी प्रशासन सख्त
Pre SIR कार्यों से बचने के लिए स्वास्थ्य कारणों का हवाला देने वाले BLO पर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलास्तरीय मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया ताकि वास्तविक रूप से अस्वस्थ कर्मियों और कार्य से बचने के लिए बीमारी का बहाना बनाने वालों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
सातों विधानसभा क्षेत्रों की हुई समीक्षा
बैठक में प्रभारी उपविकास आयुक्त संजय भगत, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन समेत जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधक पदाधिकारी उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान 58-तमाड़, 61-सिल्ली, 62-खिजरी, 63-रांची, 64-हटिया, 65-कांके और 66-माण्डर विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे Pre SIR कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए और शेष बचे वोटरों की मैपिंग का कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
“कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे”
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी BLO को घर-घर जाकर सत्यापन करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने का निर्देश दिया गया।
घर-घर स्टीकर लगाने और सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश
विधानसभावार NOTIONAL हाउस नंबरिंग कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी BLO को हर घर में स्टीकर लगाने एवं घर-घर सत्यापन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर सही मतदाता जानकारी दर्ज करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पंचायत भवनों में वर्ष 2003 की मतदाता सूची होगी प्रकाशित
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी पंचायत भवनों में संबंधित बूथों की वर्ष 2003 की मतदाता सूची प्रकाशित करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य आम लोगों को अपना नाम खोजने में सुविधा देना और मैपिंग कार्य में सहयोग सुनिश्चित करना है।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी निर्वाची निबंधक पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा क्षेत्रीय स्तर पर आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

















