कोडरमा मिटको कॉलोनी में महिला की गला रेतकर हत्या, स्कूल से लौटे मासूम ने देखा मां का शव
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत कोडरमा थाना क्षेत्र की मिटको कॉलोनी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक 30 वर्षीय महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान नेहा राज (पति शंभू राणा) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मासूम के शोर मचाने पर हुआ घटना का खुलासा
जानकारी के अनुसार, मृतका का पुत्र दोपहर करीब 12:30 बजे जब स्कूल से लौटकर घर पहुंचा, तो कमरे का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मां को खून से लथपथ देख बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने देखा कि नेहा के गले से काफी खून बह रहा था और वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी।
पति दुकान पर गए थे कॉपी पहुंचाने
पड़ोसी उमेश पंडित ने बताया कि घटना के समय मृतका के पति शंभू राणा अपनी फैक्ट्री से कॉपी की डिलीवरी देने के लिए किसी दुकान पर गए थे। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से नेहा को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंटरकास्ट लव मैरिज और व्यापारिक पृष्ठभूमि
बताया जा रहा है कि नेहा और शंभू ने इंटरकास्ट लव मैरिज की थी। दोनों मिलकर कॉपी निर्माण का एक प्लांट चलाते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस, सभी पहलुओं पर जांच जारी
वारदात की सूचना मिलते ही कोडरमा सदर एसडीपीओ (SDPO) अनिल कुमार सिंह और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
SDPO अनिल सिंह ने कहा:
“प्रथम दृष्टया यह पूरी तरह से हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले के हर तकनीकी और सामाजिक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”


















