Ranchi education system cracks down: Action taken against poor results and negligence in E-Vidya Vahini

रांची में शिक्षा व्यवस्था पर सख्ती: खराब रिजल्ट और ई-विद्या वाहिनी में लापरवाही पर कार्रवाई

Share
Link copied
Ranchi education system cracks down: Action taken against poor results and negligence in E-Vidya Vahini
Ranchi education system cracks down: Action taken against poor results and negligence in E-Vidya Vahini

रांची : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा, समग्र शिक्षा अभियान एवं मध्याह्न भोजन योजना की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की अकादमिक स्थिति, ई-विद्या वाहिनी अटेंडेंस, शिक्षक प्रशिक्षण, यू-डायस डाटा, नामांकन और विद्यालय भवनों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

खराब रिजल्ट पर सख्त कार्रवाई

उपायुक्त ने मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के खराब परीक्षा परिणामों पर नाराजगी जताते हुए कक्षा 10वीं में 10 प्रतिशत से अधिक छात्र फेल होने वाले सभी विद्यालयों के शिक्षकों को शो कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। वहीं कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय में खराब प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं विज्ञान शिक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

सभी विद्यालयों को रिजल्ट सुधारने के लिए विशेष रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि केवल पासिंग प्रतिशत नहीं बल्कि फर्स्ट डिवीजन और 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने पर भी फोकस किया जाए।

ई-विद्या वाहिनी अटेंडेंस में लापरवाही पर वेतन रोकने का निर्देश

बैठक में खुलासा हुआ कि रांची जिले के लगभग आधे विद्यालय नियमित रूप से बच्चों की उपस्थिति ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर दर्ज नहीं कर रहे हैं। जिले के 233 विद्यालय ऐसे पाए गए जिन्होंने एक भी दिन छात्रों की उपस्थिति दर्ज नहीं की। इस पर उपायुक्त ने संबंधित प्रधानाध्यापकों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा 1461 विद्यालयों में 10 दिनों से कम उपस्थिति दर्ज होने पर संबंधित प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

रांची सदर क्षेत्र के विद्यालयों द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रांची सदर श्रीमती आभा कुमारी को भी शो कॉज करते हुए अगले आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।

215 शिक्षकों का वेतन स्थगित

जिले के 215 शिक्षक ऐसे पाए गए जिन्होंने एक भी दिन ई-विद्या वाहिनी में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं की। उपायुक्त ने इन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और उनका वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया। साथ ही सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वेतन भुगतान केवल ई-विद्या वाहिनी में दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही किया जाए।

शिक्षक प्रशिक्षण पूरा करने की चेतावनी

बैठक में बताया गया कि 1416 शिक्षक अब तक जे-गुरुजी ऐप पर सीपीडी प्रशिक्षण शुरू नहीं कर पाए हैं। उपायुक्त ने सभी शिक्षकों को सात दिनों के भीतर प्रशिक्षण शुरू करने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि प्रशिक्षण पूरा नहीं करने वालों का वेतन भी स्थगित किया जाएगा।

अपार आईडी और यू-डायस डाटा पर जोर

उपायुक्त ने सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में छात्रों का शत-प्रतिशत डाटा प्रोग्रेशन पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी बच्चों का अपार आईडी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। निजी विद्यालयों को स्कूल खुलते ही कैंप लगाने का निर्देश दिया गया।

मध्याह्न भोजन और KGBV नामांकन की समीक्षा

मध्याह्न भोजन योजना में बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन लक्ष्य सात दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। लक्ष्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जर्जर भवनों में पठन-पाठन बंद करने का निर्देश

उपायुक्त ने अत्यंत जर्जर विद्यालय भवनों में पठन-पाठन तत्काल बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही डीएमएफटी एवं अन्य योजनाओं से जर्जर भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त रांची संजय भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।