पिठौरिया फायरिंग कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल और बाइक बरामद

रांची: पिठौरिया थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, 2 जून की शाम करीब 6 बजे मदनपुर-कोकदोरो निवासी फिरोज अंसारी पर जानलेवा हमला किया गया था। मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में पिठौरिया थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में तथा मु० प्रथम रांची के वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय की अगुवाई में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मामले के एक आरोपी शोएब अंसारी उर्फ नुनुवा अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरे आरोपी अफसर अंसारी ने पुलिस दबाव के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (JH01EJ-0872) बरामद की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्ष 2022 में फिरोज अंसारी के भतीजे की हत्या के मामले में अफसर अंसारी आरोपी था और फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस के अनुसार, अफसर अंसारी फिरोज अंसारी पर उस हत्या मामले में गवाही नहीं देने का दबाव बना रहा था और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। चूंकि फिरोज अंसारी अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में गवाही देने के इच्छुक थे, इसलिए उन पर हमला किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही पिठौरिया और कांके थाना क्षेत्रों में हुई कई गृहभेदन (चोरी) की घटनाओं में भी शामिल होने की बात कबूल की है। इन मामलों में आगे की जांच जारी है।
















