नामकुम में 15 लाख की चोरी का खुलासा, गिरोह का सरगना और ज्वेलर्स संचालक गिरफ्तार

रांची : नामकुम थाना क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले संगठित गिरोह का रांची पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल उर्फ अहमद राजा उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में लोवाडीह स्थित महारानी ज्वेलर्स के संचालक कृष्णा कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को केतारी बगान, नामकुम निवासी दीपक कुमार उर्फ पिंटू के बंद घर का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, कीमती घड़ी और 30 हजार रुपये नकद की चोरी हुई थी। नामकुम थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था।
जांच और आसूचना संकलन के दौरान पुलिस ने शेख अफरोज को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की रकम में से एक लाख रुपये नकद, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक घड़ी और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह 6-7 अपराधियों के गिरोह का सरगना है और बंद घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
अफरोज ने पुलिस को बताया कि चोरी के जेवरात को लोवाडीह स्थित महारानी ज्वेलर्स में कम कीमत पर बेचा जाता था। नामकुम की इस घटना में चोरी किए गए जेवर करीब छह लाख रुपये में बेचे गए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने महारानी ज्वेलर्स में छापेमारी कर लगभग 212 ग्राम सोना और 18 किलोग्राम चांदी बरामद की। इसके बाद ज्वेलरी दुकान के संचालक कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि शेख अफरोज एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ रांची के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही कृष्णा कुमार के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश की जा रही है।
















