नितिन गडकरी, टोयोटा और इथेनॉल पर कथित भ्रामक पोस्ट: मनीष कश्यप समेत चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों पर एफआईआर

नागपुर : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, टोयोटा कंपनी और इथेनॉल से जुड़े मुद्दों पर सोशल मीडिया में कथित तौर पर भ्रामक एवं भड़काऊ जानकारी प्रसारित करने के आरोप में नागपुर शहर साइबर पुलिस ने चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मामला बीजेपी सोशल मीडिया सेल, नागपुर शहर के अध्यक्ष शिशिर त्रिपाठी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा किए गए, जिनमें नितिन गडकरी, टोयोटा और इथेनॉल नीति को लेकर भ्रामक दावे किए गए, जिससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।

साइबर पुलिस ने शिकायत के आधार पर यूट्यूबर मनीष कश्यप तथा इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर देसी बॉयज (desi_boysncr), हर्षित राठी और अंकलेश इनवाते (akkaspeaks) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो तथा डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे सरकार की नीतियों और संबंधित पक्षों की छवि प्रभावित करने का प्रयास किया गया। हालांकि, आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।















