श्रावणी मेला 2026: पहले दिन डीसी-एसपी ने बाबा मंदिर का किया निरीक्षण, अर्घा व्यवस्था से शुरू हुआ सुगम जलार्पण

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 के पहले दिन गुरुवार अहले सुबह देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर एवं मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में बाबा मंदिर में अर्घा स्थापित किया गया। अर्घा व्यवस्था शुरू होने के बाद कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने कड़े सुरक्षा घेरे के बीच बाबा भोलेनाथ पर सुगमतापूर्वक जलार्पण किया। प्रशासन ने पहले दिन से ही श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन-पूजन सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम का भी दौरा किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर, गर्भगृह, निकास द्वार एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने तथा देवघर आने वाले सभी कांवरियों और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवघर से एक सकारात्मक और सुखद अनुभव लेकर लौटें, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी तत्परता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















