जेपीएससी-जेएसएससी में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का कैंडल मार्च, CBI-ED जांच की उठी मांग

रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा आयोजित परीक्षाओं एवं उनके परिणामों में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर सैकड़ों छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

कैंडल मार्च में शामिल छात्रों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की। इस दौरान छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि जेपीएससी परीक्षा में हुई कथित धांधली की जांच फिलहाल सीआईडी कर रही है, लेकिन उन्हें इस जांच पर भरोसा नहीं है। इसलिए मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपी जानी चाहिए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।

छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह छात्र हितों से जुड़ा है और इसका किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक मंच का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि अपने भविष्य और राज्य की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आंदोलन कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने राज्य सरकार और संबंधित आयोगों से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने, कथित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा जांच एजेंसियों से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

















