Breking झारखंड: कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में ढेर, साहिबगंज से धनबाद जेल ले जाने के दौरान हुई घटना
झारखंड: कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में ढेर, साहिबगंज से धनबाद जेल ले जाने के दौरान हुई घटना

रांची: झारखंड के अपराध जगत का एक बड़ा नाम रविवार रात हमेशा के लिए खामोश हो गया। कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। उसे साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में भागने की कोशिश में यह घटना घटी।
शौच के बहाने की भागने की कोशिश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस का काफिला जैसे ही जामताड़ा जिले की सीमा में पहुंचा, सुजीत सिन्हा ने शौच जाने की बात कही। पुलिस ने सुरक्षा मानकों के तहत जैसे ही वाहन रोका, उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग भी शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई
अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रशासनिक हलचल और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से समीक्षा की। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े हर पहलू और साक्ष्यों की गहन जांच में जुटी हुई है।

















