रांची में JPSC-JSSC छात्रों का प्रदर्शन , विधानसभा के पास पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

रांची: JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर सोमवार को रांची में छात्रों का प्रदर्शन उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश के बाद स्थिति बिगड़ गई। हालात संभालने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में आंसू गैस के गोले छोड़े। जिसमें भगदड़ के कारण कई छात्र घायल हो गए

आंसू गैस छोड़े जाने के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति देखने को मिली। पुलिस लगातार छात्रों को पीछे करने की कोशिश करती रही, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे रहे।

छात्रों का मुख्य विरोध JPSC-JSSC से जुड़ी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर है। आंदोलनकारी परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए संबंधित परीक्षाओं को रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही इलाके में बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे-जैसे छात्रों की भीड़ आगे बढ़ी, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया। वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद प्रदर्शन स्थल पर तनाव और बढ़ गया।

फिलहाल विधानसभा के आसपास स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है। छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं और प्रशासन उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश में जुटा है।























