रामगढ़ में स्पंज आयरन प्लांट में धमाका, तीन की इंजीनियर की मौत से मचा हड़कंप

आकाश शर्मा
रामगढ़ : पतरातू इलाके से शनिवार सुबह एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल में संचालित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद प्लांट में आग फैल गई। इस हादसे में तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर बुरी तरह झुलस गया।
मृतकों में रांची निवासी और शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी (50), बोकारो के जगेश्वर बिहार निवासी इंजीनियर विनीत महतो (25) तथा गढ़वा निवासी इंजीनियर अभिषेक पांडेय (24) शामिल हैं। हादसे में हजारीबाग निवासी मजदूर तरुण रजवार गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे रांची रोड स्थित दि हॉप हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

रात की ड्यूटी के दौरान अचानक हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात प्लांट में नाइट शिफ्ट के दौरान उत्पादन का काम चल रहा था। इसी बीच अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ। कुछ ही देर में आग ने पूरे प्रभावित हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। धमाके की आवाज और आग देखकर प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बरकाकाना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए रामगढ़ से दमकल की कई गाड़ियां भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया।

ओवरहीटिंग पर उठे सवाल
हादसे के बाद प्लांट के पावर यूनिट इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने घटना के पीछे ओवरहीटिंग को एक प्रमुख कारण बताया है। उनका दावा है कि प्लांट के तापमान को नियंत्रित करने के लिए एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था करने की मांग पहले भी की गई थी। उनका आरोप है कि इस मांग पर प्रबंधन ने अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।
हालांकि, ब्लास्ट की सटीक वजह क्या थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।

मुआवजे और नौकरी की मांग पर फैक्ट्री गेट जाम
हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही शनिवार सुबह मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंच गए। लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोश है। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतकों के परिवार को पर्याप्त मुआवजा और आश्रितों को स्थायी रोजगार देने की मांग कर रहे हैं।
विरोध के कारण फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस मौके पर मौजूद है और लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में ब्लास्ट की असली वजह क्या सामने आती है और प्रभावित परिवारों के लिए प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।
Also Read : गिद्दी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल; एक जंगल में फरार















