जूता-चप्पल दुकान में चोरी का खुलासा, 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार; 44 जोड़ी पैरागोन चप्पल बरामद
गोविंद पाठक | डाल्टनगंज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डाल्टनगंज के शहर थाना क्षेत्र स्थित जेडक्यू टावर कॉम्प्लेक्स की जूता-चप्पल दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 22 वर्षीय परवेज आलम को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई 44 जोड़ी पैरागोन कंपनी की चप्पल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार पनेरीगली कुंड मुहल्ला, डाल्टनगंज निवासी मो. मुर्तजा, पिता मो. समसुद्दीन ने शहर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने जेडक्यू टावर कॉम्प्लेक्स स्थित अपनी जूता-चप्पल की दुकान में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने की बात कही थी।
शिकायत के आधार पर शहर थाना में कांड संख्या 350/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4)/305(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में चोरी का सामान बरामद
वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर शहर थाना पुलिस ने मामले की जांच तेज की। पुलिस ने 12 सितंबर को परवेज आलम को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर दुकान से चोरी की गई 44 जोड़ी पैरागोन चप्पल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार बरामद चप्पलों को मामले में जब्त कर प्रदर्श के रूप में रखा गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेज आलम (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह साई मुहल्ला, राहत नेजाम हॉस्पिटल के पास, पहाड़ी मुहल्ला, शहर थाना क्षेत्र, पलामू का रहने वाला बताया गया है। उसके पिता का नाम बिलाल अंसारी है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद 13 सितंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।

















