Jamshedpur ssp

जमशेदपुर पुलिस के पास आईं 1,883 शिकायतें, 2 माह में 1,634 का निपटारा; 7 हजार से ज्यादा सत्यापन आवेदन भी निपटाए

अश्वनी पाठक

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में जनशिकायतों के त्वरित समाधान और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय बनाने के लिए जमशेदपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे प्रयासों का असर आंकड़ों में भी दिख रहा है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 के बीच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनसमस्याओं के समाधान और सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े कई स्तरों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, दो माह के दौरान जिले में 182 कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया।

इस अवधि में थाना स्तर पर विभिन्न माध्यमों से कुल 1,883 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 1,634 शिकायतों का निष्पादन किया गया। यानी प्राप्त शिकायतों में करीब 87 फीसदी मामलों का निपटारा किया गया, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।

जमशेदपुर पुलिस के पास आईं 1,883 शिकायतें, 2 माह में 1,634 का निपटारा; 7 हजार से ज्यादा सत्यापन आवेदन भी निपटाए

भूमि विवाद के लिए 148 पुलिस-पब्लिक बैठकें

भूमि विवाद से जुड़े मामलों के समाधान के लिए पुलिस की ओर से 148 पुलिस-पब्लिक बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में 108 सुनवाई योग्य मामलों को शामिल किया गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि भूमि विवाद जैसे मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कानून के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।

घरेलू विवाद की 661 शिकायतें, 588 का समाधान

घरेलू विवाद भी पुलिस के पास पहुंचने वाली शिकायतों में प्रमुख रहे। दो माह में घरेलू विवाद से संबंधित 661 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 588 मामलों का समाधान किया गया। पुलिस के मुताबिक, ऐसे मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर विवाद को सुलझाने तथा आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई करने पर जोर दिया जा रहा है।

RKDF
advertisement

सत्यापन में 99 फीसदी से ज्यादा मामलों का निष्पादन

जॉब वेरिफिकेशन, पासपोर्ट वेरिफिकेशन और चरित्र सत्यापन के मामलों में भी पुलिस ने बड़ी संख्या में आवेदनों का निष्पादन किया। इस अवधि में इन श्रेणियों में 7,048 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 6,997 का निष्पादन कर दिया गया। यह कुल आवेदनों का करीब 99.3 प्रतिशत है।

इसके अलावा मुलाकाती पत्र के माध्यम से 278 मामले पुलिस के पास पहुंचे, जिनमें से 204 मामलों पर थाना स्तर से कार्रवाई की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने सभी थाना प्रभारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने तथा मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास मजबूत करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now

Drishti Now

वरिष्ठ संवाददाता

झारखंड की राजनीति, प्रशासन और स्थानीय खबरों पर लंबे समय से रिपोर्टिंग कर रहे हैं।