करंट की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री की मौत, घर में अलमारी में बल्ब लगाते समय हादसा

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु बी ब्लॉक में मंगलवार देर शाम करंट लगने से बिजली मिस्त्री सुरेश पटेल (36) की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने घर में अलमारी में बल्ब लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आकर बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

परिजन आनन-फानन में सुरेश को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुरेश पेशे से बिजली मिस्त्री थे और इसी काम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

सूचना मिलने पर सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बुधवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के अनुसार, शिकायत नहीं मिलने के कारण मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

















