सनहा की कॉपी देने के बदले 5 हजार रुपये रिश्वत लेते व्यक्ति गिरफ्तार, मधुबन थाना प्रभारी भी नामजद

धनबाद: धनबाद के मधुबन थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो के इंश्योरेंस क्लेम से जुड़ी पुलिस रिपोर्ट की कॉपी देने के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), धनबाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए मधुबन थाना परिसर से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले में मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो संख्या JH15K-4933 19 जुलाई को चैनपुर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई थी, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। वाहन मालिक ने नुकसान की भरपाई के लिए टाटा एआईजी इंश्योरेंस कंपनी में क्लेम किया। क्लेम की प्रक्रिया के लिए कंपनी ने संबंधित थाने की सनहा रिपोर्ट की प्रति मांगी थी।

इसके बाद वाहन मालिक सनहा की कॉपी लेने मधुबन थाना पहुंचा। आरोप है कि थाना प्रभारी दिपेश कुमार ने रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध कराने के बदले 5 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद वाहन मालिक ने मामले की शिकायत धनबाद एसीबी से की। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई।

निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता 5 हजार रुपये लेकर मधुबन थाना पहुंचा। आरोप है कि थाना प्रभारी के इशारे पर विक्रम कुमार चौधरी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली। इसी दौरान पहले से तैनात एसीबी की टीम ने मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में विक्रम कुमार चौधरी को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रुपये भी जब्त किए।

कार्रवाई के बाद एसीबी ने मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी मामले में नामजद आरोपी बनाया है। एसीबी की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पंचायत सचिव के घर लाखों के जेवरात और नकदी की चोरी, परिवार के साथ मेला घूमने गया था पीड़ित
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र में चोरों ने पंचायत सचिव के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के…

धनबाद में भू-धंसान का कहर: छाताबाद में फिर धंसी जमीन, एक दर्जन घर और सामुदायिक भवन प्रभावित
धनबाद। कोयलांचल में भू-धंसान का खतरा एक बार फिर सामने आया है। कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद के खूशबू मोहल्ले में बुधवार…
















