श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

रांची: श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा रांची स्थित औघड़ भगवान राम आश्रम, अघोर पथ में सोमवार को समूह का 66वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5:30 बजे प्रभात फेरी से हुई। समूह के श्रद्धालु-सदस्यों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों से सर्वेश्वरी भजनों के साथ शहर का भ्रमण किया। प्रभात फेरी आश्रम परिसर से अघोर पथ, किशोर गंज चौक, न्यू मार्केट चौक, पिस्का मोड़, ओटीसी ग्राउंड, काजू बगान रोड और इटकी रोड होते हुए पुनः आश्रम परिसर पहुंची।

इसके बाद आश्रम परिसर में सर्वेश्वरी ध्वज पूजन, गुरु पूजन और सद्ग्रंथ ‘सफल योनि’ का पाठ किया गया। समूह के सदस्यों ने शहीद चौक स्थित शहीद स्थल पर दीपदान भी किया। आश्रम परिसर में आयोजित पारिवारिक विचार गोष्ठी की अध्यक्षता संत जेवियर्स कॉलेज रांची के अर्थशास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष प्रो. सुदामा चौबे ने की। इस दौरान अभय सहाय, मन्मथ नाथ देवघरिया, सोमेश पाण्डेय, समुद्रश्री नाथ शाहदेव, नयन मंजरी देवी, दीक्षा कुमारी और सुदर्शन सिंह ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने समूह के आध्यात्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डाला।

गोष्ठी में यशवंत नाथ शाहदेव ने मंगलाचरण किया, जबकि शाम्भवी सौम्या ने भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन हेमंत नाथ शाहदेव और धन्यवाद ज्ञापन यदुनाथ शाहदेव ने किया। स्थापना दिवस के अवसर पर अपराह्न में स्थानीय धार्मिक स्थलों पर झाड़ू का वितरण किया गया। वहीं क्षितिज मूक-बधिर विद्यालय में बच्चों के बीच फल और बिस्कुट के पैकेट वितरित किए गए। सामूहिक प्रसाद वितरण के साथ स्थापना दिवस के कार्यक्रम का समापन हुआ।

गौरतलब है कि 21 सितंबर 1961 को परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी ने मानवता के कल्याण के उद्देश्य से श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना की थी। समूह के अनुसार वर्तमान में देश-विदेश में इसकी 150 से अधिक शाखाएं हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न धार्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

वीर शहीद तेलंगा खड़िया स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, झालदा एफसी ने जीता खिताब
सिमडेगा: कोलेबिरा प्रखंड के शाहपुर पंचायत स्थित शिवनाथपुर खेल मैदान में आयोजित वीर शहीद तेलंगा खड़िया 25वें स्मृति चार दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट…

सर्वेश्वरी समूह के स्थापना दिवस पर निकली भव्य शोभायात्रा
सिमडेगा: सर्वेश्वरी समूह, सिमडेगा के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को भव्य शोभायात्रा एवं प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें समूह के…
















