जूनियर एशिया कप में गोल्ड जीतकर पार्वती टोपनो ने बढ़ाया गुमला का मान, डीसी ने किया सम्मानित

निर्मल सिंह
गुमला: कामडारा प्रखंड की युवा हॉकी खिलाड़ी पार्वती टोपनो ने जूनियर महिला एशिया कप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर गुमला जिले का नाम रोशन किया है। चीन के मोकी में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम की जीत में पार्वती ने अहम भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि पर बुधवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो और उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन ने समाहरणालय में पार्वती टोपनो और उनके माता-पिता सोमा टोपनो व जानो टोपनो को सम्मानित किया।

इस मौके पर जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से पार्वती के परिवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का लाभ भी दिया गया। अधिकारियों ने पार्वती को भविष्य में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

पार्वती टोपनो का जन्म 25 नवंबर 2007 को हुआ। उन्होंने वर्ष 2017 में कामडारा डे-बोर्डिंग सेंटर से हॉकी का प्रशिक्षण शुरू किया। इसके बाद 2018 में बरियातू सेंटर में करीब छह वर्षों तक प्रशिक्षण लिया। 21 मार्च 2024 से वह मोराबादी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण ले रही थीं। वहीं, 18 फरवरी 2025 से बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। पार्वती इससे पहले जूनियर महिला विश्व कप 2025, चिली में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अब जूनियर एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का एक और परिचय दिया है।

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने पार्वती की उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता गुमला के युवाओं के लिए प्रेरणा है। जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करता रहेगा। वहीं, उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर और संसाधन मिलें तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार निलंबित, विभागीय जांच जारी
जमशेदपुर: कामकाज में लापरवाही और अन्य विभागीय मामलों को लेकर जमशेदपुर पुलिस प्रशासन ने बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार के खिलाफ कार्रवाई…

थार की जोरदार टक्कर से मालवाहक ऑटो पलटा, चालक और महिला सुरक्षित
सिमडेगा: सिमडेगा-कुरडेग मुख्य पथ पर गुरुवार को तेज रफ्तार थार वाहन ने एक मालवाहक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी…
















