रांची में पिस्टल और चोरी की दो बाइक के साथ दो अपराधी गिरफ्तार, एक पर 17 केस दर्ज

रांची: नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार और चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में एक यामाहा एफजेड और दूसरी बुलेट है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और छिनतई समेत 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी के खिलाफ लूट, चोरी और छिनतई के चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, दो अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि नामकुम क्षेत्र के हाईटेंशन ग्राउंड के पास स्थित एक खंडहर भवन में कुछ अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए ग्रामीण एसपी के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल मौके पर पहुंचा तो खंडहर के बाहर यामाहा एफजेड और बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिलीं। दोनों वाहनों पर एक-एक व्यक्ति बैठकर बातचीत कर रहे थे। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान छोटू उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन की कमर के पीछे बाईं तरफ से मैगजीन लगी एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। कारतूस के निचले हिस्से पर KF 7.65 अंकित था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल हिंदपीढ़ी से और बुलेट मोटरसाइकिल इसी साल अगस्त में मौलाना आजाद कॉलोनी से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छिनतई और लूटपाट की घटनाओं में हथियार का इस्तेमाल करने की बात भी बताई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन (34), निवासी मौलाना आजाद कॉलोनी, वर्तमान पता पुंदाग के इलाही नगर स्थित जाकिर कॉलोनी, और फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटू (26), निवासी आईएसएम चौक, बंगला टोली, पुंदाग के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, छोटू के खिलाफ नामकुम, हिंदपीढ़ी, सदर, लोअर बाजार, लालपुर, कोतवाली, पुंदाग, अरगोड़ा और रातू थानों में कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, फरमान अंसारी के खिलाफ जगन्नाथपुर, अरगोड़ा और डेली मार्केट थानों में लूट, चोरी और छिनतई के चार मामले दर्ज हैं। इस मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 272/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

नामकुम में अवैध शराब की बिक्री का खुलासा, 79.44 लीटर शराब जब्त
रांची: नामकुम थाना क्षेत्र में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब और बीयर बेचने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन…

भाजपा की 25 साल सेवा संकल्प यात्रा पहुंची गुमला, कमलपुर में हुआ स्वागत; टांगीनाथ धाम में किया दर्शन
निर्मल सिंह गुमला: भाजपा के 25 साल सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही बाइक यात्रा शनिवार…
















