छत की सफाई के दौरान 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया युवक, मौत

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती के बेमको इलाके में मंगलवार को करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान घनश्याम सिंह के रूप में हुई है। वह रत्नेश सिंह का छोटा पुत्र था। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है।

बताया गया कि घनश्याम सिंह मंगलवार दोपहर अपने घर की छत पर साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चाकुलिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग परिवार को ढांढस बंधाते रहे।

हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि घर की छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने मामले की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए बिजली लाइन की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

















