बोकारो में स्ट्रीट शॉप्स में भीषण आग, दर्जनों ठेले-गुमटी जलकर राख, लाखों का नुकसान
बोकारो : जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त इलाके सेक्टर-4 स्थित हर्षवर्धन प्लाजा के ठीक सामने मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब दो दर्जन से अधिक स्ट्रीट शॉप्स, चाउमीन-मोमोज के ठेले, फ्रूट-जूस की गुमटियां और अन्य छोटी-छोटी दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले एक चाउमीन ठेले के पास रखे गैस सिलेंडर में विस्फोट से शुरू हुई। सिलेंडर फटने के साथ ही ऊंची-ऊंची लपटें उठीं और हवा के साथ आग तेजी से आसपास फैल गई। कुछ लोग इसे शॉर्ट सर्किट से लगी आग बता रहे हैं। मात्र 15-20 मिनट में ही पूरी लाइन की दुकानें आग की चपेट में आ गईं।
सूचना मिलते ही बोकारो अग्निशमन केंद्र की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान पूरे सिटी सेंटर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखते-चिल्लाते भाग रहे थे, दुकानों में रखा सामान बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ भी बचाना मुश्किल हो गया।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक पीड़ितों के लिए किसी राहत की घोषणा नहीं हुई है।


















