चास नगर निगम चुनाव में हिंसा: बूथ 32 पर मारपीट, चास डीएसपी प्रवीण सिंह घायल
चास नगर निगम चुनाव में हिंसा: बूथ 32 पर मारपीट, चास डीएसपी प्रवीण सिंह घायल

मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग रोकने की कोशिश में पुलिस अधिकारी पर हमला, कुछ लोग डिटेन; जांच जारी
बोकारो, 23 फरवरी झारखंड के बोकारो जिले में चल रहे नगर निकाय चुनाव के दौरान चास नगर निगम क्षेत्र के बूथ संख्या 32 पर मतदान के समय अचानक हिंसक झड़प की घटना सामने आई। स्थिति को संभालने पहुंचे चास के एसडीपीओ (डीएसपी) प्रवीण सिंह इस मारपीट में घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे और भीड़ को बूथ परिसर से हटाने की कोशिश की।
इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें तत्काल चास के के. मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है, लेकिन चोटें गंभीर बताई जा रही हैं।पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कुछ लोगों को डिटेन किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
बूथ पर लगे सीसीटीवी और मोबाइल फोन से बनी वीडियो रिकॉर्डिंग को भी जांच के लिए जब्त किया गया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद फर्जी मतदान (बोगस वोटिंग) को रोकने के दौरान शुरू हुआ। कुछ प्रत्याशियों के समर्थकों ने जबरन वोट डालने की कोशिश की, जिसे रोकने पर झड़प हो गई।
एक पार्षद प्रत्याशी के पति रमाशंकर सिंह पर डीएसपी पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। एक महिला प्रत्याशी ने भी धक्का-मुक्की और जबरन वोटिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस का बयान:
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, लेकिन इस तरह की घटना लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करती है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की गहन जांच चल रही है।
इस घटना से चास क्षेत्र में तनाव का माहौल है। चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन ने अन्य बूथों पर अतिरिक्त बल तैनात करने का फैसला किया है ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हो सके।


















