Dhanbad  Police Raid Online Gaming Fraud, Money 

धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगों का अंतरराज्यीय गिरोह ध्वस्त, होटल से 9 शातिर गिरफ्तार

Share
Link copied

धनबाद के सरायढेला स्थित होटल से 9 साइबर ठग गिरफ्तार। ऑनलाइन गेमिंग और मनी म्युलेटिंग के जरिए कर रहे थे ठगी। जानिए पूरी खबर।

Dhanbad  Police Raid Online Gaming Fraud, Money 
धनबाद: धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन गेमिंग और स्पोर्ट्स-बिडिंग से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सरायढेला थाना क्षेत्र के होटल न्यू हरि-इन में छापेमारी कर पुलिस ने 9 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

‘मनी म्युलेटिंग’ के जरिए करते थे ठगी

सीसीआर डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने बताया कि यह गिरोह ‘मनी म्युलेटिंग’ (Money Muling) तकनीक का उपयोग कर रहा था। आरोपी ऑनलाइन गेमिंग और स्पोर्ट्स-बिडिंग एप से जुड़े लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इन खातों का उपयोग ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का जाल कई राज्यों में फैला था। आरोपी ठगी की रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर उसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांट देते थे, ताकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए इसे ट्रैक करना कठिन हो जाए।

भारी मात्रा में सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से
12 एंड्रॉइड फोन , 17 सिम कार्ड ,17 एटीएम कार्ड, नगद 50,000 रुपये और अन्य बैंक खातों से जुड़े क्यूआर कोड चेकबुक, पासबुक बरामद किए है।

फिलहाल, मामले की गहन जांच साइबर अपराध थाना द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल और सिम कार्ड्स की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है, ताकि इनके चैट लॉग और लेन-देन के नेटवर्क का खुलासा हो सके। डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने कहा कि यह कार्रवाई महज एक शुरुआत है। पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना और उनके अन्य नेटवर्क सदस्यों को पकड़ने के लिए सबूत जुटा रही है।

नागरिकों के लिए सुरक्षा सलाह

धनबाद पुलिस ने आम जनता को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि:

1. किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
2. प्रलोभन देने वाले ऑनलाइन गेमिंग एप्स से दूर रहें।
3. किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत अपने नजदीकी बैंक या साइबर पुलिस को सूचित करें।

 

 

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।