20260110 210118

घुटबहार में स्वस्थ उपकेंद्र भवन का शिलान्यास: स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती

शंभू कुमार सिंह 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत घुटबहार पंचायत के ग्राम घुटबहार में जिला परिषद की ओर से स्वास्थ्य उपकेंद्र (Health Sub Centre – HSC) भवन के निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया गया। यह कार्यक्रम क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

शिलान्यास समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, उपाध्यक्ष सोनी पैकरा, ठेठईटांगर जिला परिषद सदस्य कृष्णा बड़ाईक तथा पंचायत मुखिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम के पाहन द्वारा पारंपरिक पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया।

इस अवसर पर जिप सदस्य कृष्णा बड़ाईक ने कहा कि नए स्वस्थ उपकेंद्र भवन के निर्माण से ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज, महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान और अन्य बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं घर के नजदीक ही उपलब्ध हो जाएंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य राहत मिल सकेगी।

इस नए उपकेंद्र से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, प्राथमिक उपचार, टीकाकरण सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं गांव स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीणों को दूरस्थ अस्पतालों की यात्रा करने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा और समय व धन की बचत होगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस विकास कार्य के लिए जिला परिषद एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे गांव के समग्र विकास की दिशा में मजबूत पहल करार दिया। क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया।

Share via
Send this to a friend