हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता: सोलर पैनल बैटरी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता: सोलर पैनल बैटरी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

हजारीबाग : हजारीबाग जिले में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में चौपारण थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। सोलर पैनल बैटरियों की चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल तीन वाहनों और 120 बैटरियों सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना की शुरुआत 28 अक्टूबर 2025 को हुई, जब एम/एस स्विचर कंपनी, रांची के प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार सिंह ने चौपारण थाना को सूचना दी कि ग्राम गरमोरवा स्थित मिनी सोलर प्लांट से बैटरियां चोरी कर अज्ञात चोर पिकअप वैन में लादकर फरार हो रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मौके से एक पिकअप वैन सहित एक आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य बोकारो के तेलों से अल्टो कार में आए थे, जिसे सियारकोणी स्थित सीएम होटल के पीछे छिपाया गया था। चोरी की बैटरियों को पिकअप वैन से ट्रक में लोड कर ले जाने की योजना थी। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए अल्टो कार और ट्रक को भी बरामद कर लिया।

इस मामले में चौपारण थाना कांड संख्या 296/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 317(2)/317(4)/303(2)/3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में तौसिफ उमर, वाहिद हुसैन शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास पिकअप वैन (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH02BH1197), एलपीटी ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH01GD0273), अल्टो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH09AF3145), स्पार्क कंपनी की 120 बैटरियां और ओप्पो कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now