जमशेदपुर: डबल डाउन क्लब चाकूबाजी कांड में हिमांशु सिंह की मौत, केस अब हत्या की धाराओं में दर्ज

नीरज तिवारी
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित ‘डबल डाउन’ (Double Down) क्लब के बाहर हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह ने सोमवार को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शनिवार देर रात हुई इस हिंसक झड़प के बाद से ही हिमांशु की स्थिति नाजुक बनी हुई थी।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार देर रात डबल डाउन क्लब के बाहर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया और इस दौरान चाकूबाजी की घटना हुई। इस हमले में हिमांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सोमवार को उनकी मौत हो गई।
सड़क पर उतरे परिजन, जताया भारी आक्रोश
हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। न्याय की मांग और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी को लेकर बड़ी संख्या में लोग बिष्टुपुर की मुख्य सड़क पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया, जिससे वहां जाम की स्थिति बन गई। लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख क्लब के बाहर ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
अब हत्या की धाराओं में होगी जांच
पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पीड़ित की मौत के बाद मामले की प्रकृति बदल गई है।
जांच का दायरा: अब इस मामले की जांच हत्या की धाराओ में की जाएगी।
सीसीटीवी और साक्ष्य: पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और मामले की गहन जांच जारी है।
Also Read :
BJP का डिजिटल महा-अभियान: ‘सरल’ ऐप से कैसे ज़मीनी कार्यकर्ता बन रहे हैं ‘हाई-टेक’
मोदी सरकार के 12 साल पर जेएमएम का हमला, बोली- ‘उपलब्धियों नहीं, 24 कथित गबनों का कार्यकाल’
















