india-westindies-t-20-ticket-rush

भारत-वेस्टइंडीज टी-20 टिकट के लिए रात से उमड़ी भीड़, जेएससीए स्टेडियम के बाहर पुलिस ने संभाला मोर्चा

Share
Link copied

रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है। सोमवार से मैच के टिकटों की ऑफलाइन बिक्री शुरू हो रही है। टिकट खरीदने के लिए रविवार शाम से ही बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम के बाहर पहुंचने लगे। कई प्रशंसक रात में ही चादर और कंबल लेकर टिकट के इंतजार में पहुंच गए। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने लोगों को स्टेडियम परिसर के बाहर रात में रुकने से मना किया और सुबह आने की अपील की। हालांकि, इसके बावजूद कई क्रिकेट प्रेमी आसपास के इलाकों में गमछा और चादर बिछाकर रात गुजारते नजर आए। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती रात से ही स्टेडियम के बाहर कर दी गई, ताकि टिकट बिक्री के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

RKDF
advertisement

सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी टिकट बिक्री

ऑफलाइन टिकट काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। टिकटों की बिक्री के लिए कुल छह काउंटर बनाए गए हैं। इनमें चार काउंटर सामान्य दर्शकों के लिए हैं, जबकि एक काउंटर महिलाओं और एक दिव्यांग दर्शकों के लिए निर्धारित किया गया है। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट खरीद सकेगा। दर्शकों के लिए ऑनलाइन टिकट खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

Advertisment
Advertisment

1600 से 18 हजार रुपये तक टिकट की कीमत

मैच के टिकटों की कीमत 1600 रुपये से लेकर 18 हजार रुपये तक निर्धारित की गई है। ईस्ट और वेस्ट हिल के टिकट 1600 रुपये के हैं। विभिन्न विंग के लोअर और अपर टियर के टिकट 2000 से 3500 रुपये के बीच हैं। अन्य श्रेणियों में स्पाइस बॉक्स का टिकट 2500 रुपये, अमिताभ चौधरी पवेलियन प्रीमियम टेरेस 4500 रुपये, डोनर्स एन्क्लोजर 4000 रुपये और हॉस्पिटैलिटी बॉक्स 9000 रुपये का है। कॉरपोरेट बॉक्स 8000 रुपये, कॉरपोरेट लाउंज 15 हजार रुपये, एमएस धोनी पवेलियन लग्जरी पार्लर 10 हजार रुपये और प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का टिकट 18 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

Advertisment
Advertisment

भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष तैयारी

पिछले आयोजनों में सामने आई अव्यवस्थाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और जेएससीए ने इस बार सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी की है। अधिकारियों ने जेएससीए स्टेडियम का निरीक्षण कर प्रवेश, निकासी, सुरक्षा और दर्शकों की आवाजाही की व्यवस्था का जायजा लिया है। मैच के दिन भी स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन की नजर टिकट बिक्री के दौरान भीड़ की स्थिति पर भी रहेगी, ताकि क्रिकेट प्रशंसकों को किसी तरह की परेशानी न हो और टिकट वितरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले को लेकर अभी से क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।