जमशेदपुर में सनसनी: स्वर्णरेखा नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, हाथों में चप्पल मिलने से पुलिस भी हैरान
नीरज तिवारी
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत गुरुद्वारा रोड स्थित कालीघाट के पास गुरुवार की सुबह स्वर्णरेखा नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोग नदी में नहाने के लिए कालीघाट पहुंचे, तो उनकी नजर पानी में तैरते हुए शव पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना मानगो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव को फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
पुलिस जांच: हाथों में चप्पल ने बढ़ाई उलझन
मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि शव करीब 72 घंटे (तीन दिन) पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कहीं और हुई और शव नदी के बहाव के साथ यहां तक पहुंचा है।
मामले की जांच कर रही पुलिस उस समय हैरान रह गई जब देखा कि मृतक के दोनों हाथों में चप्पलें फंसी हुई थीं। इस अजीबोगरीब स्थिति ने मामले को पूरी तरह संदिग्ध बना दिया है। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
पहचान के लिए जुटी पुलिस
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज लापता लोगों की गुमशुदगी की रिपोर्ट को खंगाल रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस युवक को पहचानता है, तो वे तुरंत मानगो थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
इसे भी पढ़े : रांची: डीएवी कडरू के पूर्व प्रिंसिपल एमके सिन्हा दोषी करार, नर्स के साथ छेड़छाड़ मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला


















