अहमदाबाद विमान हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

अहमदाबाद विमान हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

Share
Link copied

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुए भीषण विमान हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। गुरुवार को लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद मेघानी नगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में कम से कम 133 लोगों के मारे जाने की खबर है।

मुख्यमंत्री सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा है कि अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे की खबर से गहरा दुख हुआ। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

अहमदाबाद विमान हादसे में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। हादसे के बाद बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं। गुजरात सरकार ने आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने भी इस त्रासदी पर दुख जताया और कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रभावित परिवारों और बचाव कार्यों को समर्थन देना है। हादसे की जांच के लिए विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की एक टीम अहमदाबाद रवाना हो चुकी है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow