JPSC- परीक्षा जांच में बड़ी कार्रवाई: गोड्डा के आपूर्ति पदाधिकारी अभय तिवारी गिरफ्तार, 5 लाख नकद बरामद की खबर
JPSC- परीक्षा जांच में बड़ी कार्रवाई: गोड्डा के आपूर्ति पदाधिकारी अभय तिवारी गिरफ्तार, 5 लाख नकद बरामद की खबर

गोड्डा/रांची:
झारखंड में JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान सीआईडी ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड में पदस्थापित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी रांची पुलिस और सीआईडी की संयुक्त टीम ने पोड़ैयाहाट के बांझी रोड स्थित उसके किराए के मकान पर छापेमारी के दौरान की। सूत्रों के अनुसार, उसके पास से करीब 5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
सीआईडी की जांच के अनुसार, सरकारी सेवा में आने से पहले अभय तिवारी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत था। यही कंपनी झारखंड में JPSC की कई परीक्षाओं के संचालन से जुड़ी रही है। आरोप है कि कंपनी में कार्यरत रहते हुए उसने स्वयं PGT, JSSC CGL, ACF PT, MRO PT और FSO समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की थी। इन परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच फिलहाल सीआईडी कर रही है।
JPSC अध्यक्ष एलबी ख्यांग्ते का इस्तीफा स्वीकार, राज्यपाल ने दी मंजूरी
जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार तिवारी के खिलाफ रांची के नगड़ी थाना में पहले से मामला दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सीजीएल परीक्षा में उसे राज्यभर में दूसरा रैंक मिला था, जिसके बाद उसने अप्रैल माह में पोड़ैयाहाट में एमओ के पद पर योगदान दिया था।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत जेपीएससी से जुड़े कर्मियों और परीक्षा संचालन एजेंसी टीडीपीएल के कर्मचारियों की भी जांच की जा रही है। रांची स्थित टीडीपीएल के कार्यालय को सील कर दिया गया है और वहां कार्यरत सभी कर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है। इसी क्रम में अभय तिवारी की गिरफ्तारी हुई।
जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगा रही हैं कि अभय तिवारी के कई करीबी रिश्तेदार झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों में अधिकारी और कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। इस पहलू की भी नए सिरे से जांच की जा रही है।
अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद पोड़ैयाहाट प्रखंड और गोड्डा जिला आपूर्ति कार्यालय में पूरे दिन इस कार्रवाई की चर्चा होती रही। सीआईडी उसे पूछताछ के लिए रांची ले गई है, जहां परीक्षा अनियमितता मामले में उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
















