जेपीएससी-जेएसएससी विवाद: छात्रों ने 29 जुलाई को पदयात्रा और 6 अगस्त को विधानसभा घेराव का किया ऐलान

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) से जुड़े परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में चल रहे दिवा-रात्रि सत्याग्रह धरना के तीसरे दिन आंदोलनकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जुलाई को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं, झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन 6 अगस्त को विधानसभा घेराव किया जाएगा।

आंदोलनकारियों ने सरकार से जेपीएससी और जेएसएससी से संबंधित विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने और उन्हें रद्द करने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि मामले में अब तक 10 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है और जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। प्रेस वार्ता में विशाल कुमार गौरव, शिल्पी कुमारी, राकेश कुमार, सविता कुमारी, सूर्य प्रकाश कुमार, राजकुमार कश्यप, ममता कुमारी सहित कई छात्र और अभिभावक उपस्थित थे।
















