सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोवंशीय पशु तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : सिमडेगा जिले में अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इस मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ लोग जंगल के रास्ते गोवंशीय पशुओं को दौड़ाते हुए ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बानो थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 24 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया और प्रारंभिक रूप से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अन्य सहयोगियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹48,500 नकद, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 2 कीपैड मोबाइल, एक मारुति ओमनी वाहन और कई अन्य सामान जब्त किए है। इस मामले में बानो थाना कांड संख्या 15/2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।















