होर्मुज तनाव पर अमेरिका का बड़ा सैन्य अभियान, ईरान के कई ठिकानों पर हमले का दावा

वॉशिंगटन/तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बेहद गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास तीन व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करने का दावा किया है। अमेरिकी सेना के अनुसार, हवाई अभियान के तहत ईरान के 80 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने के उद्देश्य से चलाया गया। हमलों में एयर डिफेंस सिस्टम, रडार स्टेशन, मिसाइल लॉन्च साइट, ड्रोन संचालन केंद्र और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की कई तेज गति वाली नौकाओं को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। बंदर अब्बास और शहीद हक्कानी पोर्ट के आसपास भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले सऊदी अरब, लाइबेरिया और मार्शल आइलैंड्स से जुड़े तीन व्यापारिक जहाजों पर हमले हुए थे। अमेरिका इन घटनाओं के लिए सीधे तौर पर ईरान को जिम्मेदार ठहरा रहा है, हालांकि ईरान की ओर से इन आरोपों को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
उधर, अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए चेतावनी दी है कि इस कार्रवाई के परिणाम अमेरिका को भुगतने होंगे। दोनों देशों के बीच बढ़ते टकराव ने पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा दिया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है।

















