नाबालिक आदिवासी लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म, तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झारखंड के सिमडेगा जिले में एक नाबालिक आदिवासी लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
घटना 19 मई की देर शाम की है, जब तीन युवकों ने बानो बस स्टैंड से नाबालिक लड़की को जबरन उठाकर जीतू टोली, सिम्हातु ले गए। वहां आरोपियों ने बारी-बारी से पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। डर और सदमे में डूबी पीड़िता ने शुरू में इस घटना को छुपाया, लेकिन मानसिक पीड़ा सहन न कर पाने के कारण उसने अपने परिवार वालों को आपबीती सुनाई।
15 जून को पीड़िता के परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़िता के बयान के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा, “किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जाएगा और इसके बाद उसे परिवार को सौंप दिया जाएगा।”
इस घटना ने पीड़िता के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। स्थानीय समुदाय में भी इस जघन्य अपराध को लेकर आक्रोश है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

















