अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियां तेज, झारखंड में होगा व्यापक सामूहिक योगाभ्यास

रांची: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के अभियान निदेशक सह निदेशक आयुष शशि प्रकाश झा ने कहा कि 21 जून को राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नामकुम स्थित आरसीएच कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में बताया गया कि स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों, पार्कों, वृद्धाश्रमों, छात्रावासों, पुलिस स्टेशनों, सदर अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और चिकित्सा महाविद्यालयों समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
अभियान निदेशक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं की रोकथाम तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में योग की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योग को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों, झारखंड पुलिस, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, एनसीसी, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्यकर्मियों, खेल प्रतिभाओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए वाई-ब्रेक (Y-Break) प्रोटोकॉल को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया, ताकि कर्मचारी कम समय में योगाभ्यास कर तनावमुक्त रहते हुए अपनी कार्यक्षमता बढ़ा सकें।
एनएचएम ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में सिकल सेल और ब्लड कोषांग भी विशेष जागरूकता अभियान चलाएंगे। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक में डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. कृष्ण कुमार, सत्य प्रकाश, डॉ. वकील कुमार सिंह, डॉ. लाल मांझी, डॉ. पुष्पा, डॉ. साकेत कुमार, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी रांची डॉ. अनुज मंडल, अनिल कुमार सिन्हा सहित कई अधिकारी और सहयोगी संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
















