रांची समेत झारखंड में आज बारिश के आसार, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट

रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार, 21 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में आज आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के दौरान लोगों को वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की जरूरत है।

मौसम विभाग के अनुसार 21, 22 और 24 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में गरज, वज्रपात और करीब 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 23 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

आने वाले दिनों में भी राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 22 से 26 अगस्त के बीच झारखंड में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं। ऐसे में निचले इलाकों में जलजमाव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। मौसम को देखते हुए लोगों से अपील है कि बारिश और वज्रपात के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।
















