Bajrang Mahto

Ramgarh Upchunav :- माँ छिन्नमष्तिका का आशीर्वाद ले कर कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो ने भरा नामांकन

Ramgarh Upchunav

Prerna  chourasia

Drishti  Now , Ranchi

रामगढ़ उपचुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी बजरंग महतो ने आज नामांकन दाखिल किया। इससे पहले अपने सहयोगियों के साथ रजरप्पा जा कर मां छिन्नमस्तिके के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान झारखंड कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी रजरप्पा पहुंचे। बजरंग महतो, रामगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस की पूर्व विधायक ममता देवी के पति हैं। उपचुनाव का ऐलान होते ही बजरंग महतो ने अपनी दावेदारी पेश की थी। तब शीर्ष कांग्रेसी नेताओं ने अप्रत्यक्ष रूप से इसका संकेत भी दिया था कि बजरंग महतो ही उम्मीदवार होंगे।
मां के आशीर्वाद के साथ अब जनता का आशीर्वाद चाहिए
कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो के नामांकन दाखिल करने से पहले रजरप्पा में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा की। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हमने नामांकन दाखिल करने से पहले मां से आशीर्वाद लिया है। अब रामगढ़ की जनता का आशीर्वाद चाहिए। वहीं झारखंड प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि आज काफी बड़ा दिन है। आज का दिन रामगढ़ की जनता के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि रामगढ़ उपचुनाव में हम जीत हासिल करेंगे। राज्य के विकास और चल रही योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे, इसके लिए काम किया जाएगा।
इसलिए हो रहा रामगढ़ उपचुनाव
रामगढ़ विधानसभा से कांग्रेस की विधायक रह चुकी ममता देवी की सदस्यता जाने के बाद रामगढ़ विधानसभा में उपचुनाव हो रहा है। इसमें आज कांग्रेस से नामांकन करने वाले बजरंग महतो ममता देवी के पति हैं। ममता देवी को हजारीबाग की एमपी/ एमएलए कोर्ट ने गोला गोलीकांड मामले में 5 साल की सजा सुनाई है। रामगढ़ उपचुनाव 27 फरवरी को होगी। वहीं नतीजे दो मार्च को आएंगे।

इधर…एनडीए ने सुनीता चौधरी को उतारा
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव 2023 के लिए एनडीए ने उम्मीदवार के रूप में सुनीता चौधरी को उतारा है। उन्होंने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर में पूजा-अर्चना की। नामांकन दाखिल करने के दौरान आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, गिरिडीह के आजसू सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और झारखंड लोकसभा के पूर्व स्पीकर सीपी सिंह, गोमिया के आजसू विधायक लंबोदर महतो साथ थे। सुनीता चौधरी रामगढ़ के पूर्व विधायक और गिरिडीह के वर्तमान सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी की पत्नी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via