रांची : बड़ा तालाब के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
रांची: राजधानी रांची में बुधवार सुबह बड़ा तालाब के सामने स्थित चीनी मिट्टी कारखाना के खाली पड़े वीरान परिसर में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद आसपास के लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली एएसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल और आसपास के इलाके में भी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शव मिलने वाली जगह पर अक्सर नशा करने वाले लोगों का जमावड़ा रहता है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि युवक की मौत हत्या, हादसे या किसी अन्य कारण से हुई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
कोतवाली पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।


















