Reshma Kumari shines in Asmita Women's Cycling City League; 300 girl cyclists participate.

अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग में रेश्मा कुमारी चमकीं, 300 बालिका खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

Reshma Kumari shines in Asmita Women's Cycling City League; 300 girl cyclists participate.
Reshma Kumari shines in Asmita Women’s Cycling City League; 300 girl cyclists participate.

शंभू कुमार सिंह 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा: विश्व साइकिलिंग दिवस के अवसर पर सिमडेगा के अल्बर्ट एक्का स्टेडियम रोड में खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग का भव्य आयोजन किया गया। खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं Cycling Federation of India के निर्देशन में झारखंड साइकिलिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में जिले की लगभग 300 बालिका खिलाड़ियों और साइकिलिंग प्रेमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की, जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मेक्सिमा लकड़ा, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रभारी प्राचार्य यदुनाथ टुडू तथा जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में रेश्मा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। रेश्मा सूरीन दूसरे और दिव्यनी तीसरे स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में तारकेलेन टेटे ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्रतिमा को रजत और बबली जोजो को कांस्य पदक मिला। सब-जूनियर वर्ग में अनीसा कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि उषा दूसरे और अनुप्रिया तीसरे स्थान पर रहीं।

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेलो इंडिया जैसी योजनाएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही हैं। साथ ही खिलाड़ियों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया गया।

उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने कहा कि लीग का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और साइकिलिंग के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है। उन्होंने बड़ी संख्या में बालिकाओं की भागीदारी को महिलाओं की बढ़ती खेल सहभागिता का सकारात्मक संकेत बताया।

जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि सिमडेगा पहले से ही खेल प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है और अब साइकिलिंग को भी नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशिक्षक तारिणी कुमारी, आदम होरो, राजमनी कुमारी, रवि कुमार सहित कई सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह आयोजन महिला खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच बनने के साथ-साथ जिले में साइकिलिंग खेल के विकास को नई गति देने वाला साबित हुआ।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now