सिमडेगा में केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा: खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के अधिकारियों का दौरा
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: भारत सरकार के खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के अधिकारियों सुशील कुमार और योगेश कुमार ने आकांक्षी जिला सिमडेगा का दौरा कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का आकलन किया। इस दौरान “नीति से सेवा तक” के तहत योजनाओं की प्रगति और प्रभावशीलता की समीक्षा की गई।
भारतीय खाद्य निगम डिपो का निरीक्षण
सर्वप्रथम अधिकारियों ने भारतीय खाद्य निगम (FCI) के सिमडेगा डिपो का निरीक्षण किया। इसके बाद परिसदन सिमडेगा में JSLPS की दीदियों ने पारंपरिक विधि से उनका स्वागत किया। स्वागत के पश्चात PPT के माध्यम से सिमडेगा जिले में संचालित केंद्र सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
CPGRAM के माध्यम से शिकायतों का समाधान
अधिकारियों ने खाद्य आपूर्ति विभाग से संबंधित CPGRAM पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की और संबंधित व्यक्तियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया। साथ ही, उन्होंने राशन कार्डधारकों से CPGRAM का उपयोग करने और इसकी जानकारी अन्य लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
धान अधिप्राप्ति और जन वितरण प्रणाली की समीक्षा
धान अधिप्राप्ति योजना की प्रगति जांचने के लिए मेरोमडेगा लैम्पस का दौरा किया गया। वहां धान अधिप्राप्ति केंद्र के भवन, खरीफ विपणन मौसम 2024-25 में धान की मात्रा और गुणवत्ता की जांच की गई। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्र में ठेठईटांगर प्रखंड की रजनीकांत जन वितरण प्रणाली दुकान (टुकूपानी) और शहरी क्षेत्र में गुफरान परवेज की दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लाभुकों से संवाद कर राशन वितरण किया गया और उन्हें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभों की जानकारी दी गई।
झारखंड राज्य खाद्य निगम गोदाम का निरीक्षण
झारखंड राज्य खाद्य निगम, सिमडेगा गोदाम का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्यान्न की गुणवत्ता, भंडारण, गोदाम की आधारभूत संरचना और उपलब्ध सुविधाओं की जांच की गई। गोदाम और जन वितरण प्रणाली दुकानों पर खाद्यान्न वितरण में आने वाली समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।
सिमडेगा में योजनाओं का संतोषजनक क्रियान्वयन
अधिकारियों ने बताया कि सिमडेगा जिले में केंद्र सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन सही दिशा में हो रहा है। इस अवसर पर भारतीय खाद्य निगम के मंडल कार्यालय के अमित कुमार और नगीना कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अरुणा कुमारी, सिमडेगा, कोलेबिरा, ठेठईटांगर के अंचलाधिकारी और जिला आपूर्ति शाखा के कर्मी उपस्थित रहे।


















