नींद की झपकी से बेकाबू हुआ ट्रक, तीन पोल-CCTV कैमरे तोड़े, डिवाइडर भी क्षतिग्रस्त

गुमला: रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर भरनो नवाटोली के पास मंगलवार की अहले सुबह करीब छह बजे एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हैदराबाद से सरसों लादकर रांची जा रहा ट्रक भरनो ब्लॉक चौक ओवरब्रिज के पास बेकाबू हो गया। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ।

बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे लगे तीन पोल और CCTV कैमरों को जोरदार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ट्रक डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए. हालांकि, हादसे में ट्रक चालक और उपचालक सुरक्षित हैं। दोनों को किसी तरह की चोट नहीं आई। हादसे के समय सड़क पर यातायात कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना में पदस्थापित एएसआई रामजी बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने और सड़क पर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

रांची समेत पूरे झारखंड में आज बादल छाए रहेंगे, कई जगह बारिश-गरज का अलर्ट
किता-सिल्ली रेलखंड पर विकास कार्य से आज कई ट्रेनें प्रभावित, दो पैसेंजर ट्रेनें रद्द

















