चतरा में चोरी की घटनाओं पर एसपी सख्त, एसपी ने कहा- घटना घटी तो थानेदार-जवान होंगे जिम्मेदार
चतरा : चतरा जिला मुख्यालय सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी, छिनतई और अन्य अपराधिक घटनाओं से जनता में दहशत का माहौल है। आम लोग और पीड़ित परिवार बार-बार एसपी से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब जिले के पुलिस कप्तान सुमित कुमार अग्रवाल ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सख्त तेवर अख्तियार कर लिए हैं।
एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि “जिस क्षेत्र में चोरी की घटना होगी, वहां के बिट पदाधिकारी और जवान सीधे जिम्मेदार होंगे।” लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नई रणनीति : बाइक दस्ता और सिविल ड्रेस में पेट्रोलिंग शुरू
अपराधों पर लगाम कसने के लिए एसपी ने तत्काल प्रभाव से कई कदम उठाए हैं जिनमें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बाइक दस्ता पेट्रोलिंग शुरू की गई है, बिट सिस्टम को मजबूत करने के लिए जवानों की संख्या बढ़ाई गई है,सीसिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी संदिग्ध लोगों और अड्डेबाजी वाले इलाकों पर पैनी नजर रखेंगे। बंद पड़े घरों को चोरों का मुख्य निशाना मानते हुए उन पर विशेष निगरानी रखने का आदेश। इसके अलावा अपराधियों के अड्डों को चिह्नित कर लगातार छापेमारी की जाएगी।
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने कहा, “हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता से अपील है कि अपने मोहल्ले में कोई नया या संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। हमारी टीम तुरंत कार्रवाई करेगी।”
जनता में पुलिस पर से भरोसा हुआ कम
लगातार हो रही वारदातों से लोगों में पुलिस के प्रति अविश्वास बढ़ा है। सदर थाना क्षेत्र सहित कई थानों में दिनदहाड़े चोरी और छिनतई की घटनाएं आम हो गई हैं। एसपी की इस नई पहल से लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही अपराधियों पर नकेल कसी जाएगी।


















