JPSC-JSSC की नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित
रांची। झारखंड सरकार ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचना के मुताबिक, आयोगों में पदस्थापित पदाधिकारियों और कर्मियों की सेवा-शर्तों एवं नियुक्ति प्रक्रिया की समग्र समीक्षा कर सरकार के समक्ष आवश्यक अनुशंसा प्रस्तुत करने के उद्देश्य से समिति बनाई गई है।

विकास आयुक्त होंगे समिति के अध्यक्ष
समिति की अध्यक्षता विकास आयुक्त, झारखंड करेंगे। वहीं, सचिव, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग और सचिव, वित्त विभाग को समिति का सदस्य बनाया गया है।
अधिसूचना में कहा गया है कि समिति आयोगों में पदस्थापित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सेवा-शर्तों और नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा करेगी। इसके बाद सरकार के समक्ष जरूरी अनुशंसाएं प्रस्तुत की जाएंगी।

मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद गठन
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि समिति के गठन के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री, झारखंड की स्वीकृति प्राप्त है। इसके बाद राज्यपाल के आदेश से कार्मिक विभाग के संयुक्त सचिव ने समिति के गठन संबंधी अधिसूचना जारी की है।
जाहिर है समिति के गठन को JPSC और JSSC से जुड़ी नियुक्ति व्यवस्था, पदस्थापन और सेवा-शर्तों की समीक्षा की दिशा में सरकार के महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।



















