डेली मार्केट में अतिक्रमण से लगा जाम, शेड के बावजूद सड़क पर सज रहीं दुकानें

सिमडेगा: डेली मार्केट में अतिक्रमण के कारण आवागमन की समस्या गंभीर होती जा रही है। नगर परिषद की ओर से सब्जी विक्रेताओं और किसानों के लिए शेड का निर्माण कराए जाने के बावजूद कई दुकानदार सड़क किनारे ही दुकान लगा रहे हैं। इससे मार्केट कॉम्प्लेक्स की दोनों मुख्य गलियों में लंबा जाम लग गया। खरीदारों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पीसीआर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
नगर परिषद ने सब्जी विक्रेताओं और किसानों को व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने की सुविधा देने के उद्देश्य से बागड़ा शेड का निर्माण कराया है। इसके बावजूद कुछ विक्रेता शेड के अंदर दुकान लगाने के बजाय सड़क किनारे अपनी दुकानें सजा रहे हैं। इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
इधर, शेड के अंदर नियम के अनुसार दुकान लगाने वाली महिला विक्रेताओं और अन्य दुकानदारों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सड़क किनारे दुकान लगाने वालों के कारण ग्राहक शेड के अंदर नहीं पहुंचते, जिससे उनकी सब्जियों की बिक्री प्रभावित हो रही है। उन्हें रोजाना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
दुकानदारों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद से शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने नगर परिषद से सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को हटाकर सभी विक्रेताओं को निर्धारित शेड के अंदर दुकान लगाने के लिए बाध्य करने की मांग की है। उनका कहना है कि अतिक्रमण पर सख्ती से रोक लगेगी, तभी बाजार में जाम की समस्या दूर होगी और सभी दुकानदारों को समान अवसर मिल सकेगा।

बोकारो में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्व. शांति सिंह को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक
बोकारो: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को बोकारो पहुंचे, जहां उन्होंने सेक्टर-3 (ए) स्थित क्वार्टर नंबर-30 में स्व. शांति सिंह के ब्रह्मभोज कार्यक्रम…

गुमला में 18 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त
निर्मल सिंह गुमला: गुमला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को…


















